


Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के दरभंगा ओपी अंतर्गत मुत्तुगोडा गांव में बीते 13 जून को 35 वर्षीय महिला की हत्या मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है. इस हत्याकांड में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.आरोपियों में जेठानी डॉली मुंडा, ससुर सोयना मुंडा, देवर सुकलाल मुंडा, साहेब हेंब्रम, रायमर मुंडा व गुरदेव बारीक शामिल हैं.
हत्याकांड का खुलासा करते हुए सरायकेला एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि मुत्तुगोडा गांव में बीते 13 जून को पांडु मुंडा की 35 वर्षीय पत्नी मोगरो मुंडा की अज्ञात लोगों द्वारा गला काटकर हत्या कर दी थी. जिसकी जानकारी दरभंगा ओपी पुलिस को प्राप्त हुई थी. पुलिस ने महिला के शव को बरामद कर हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया. हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है. एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि डायन बिसाही के आरोप में महिला के ससुर सोयना मुंडा, फुफेरे देवर सुखलाल मुंडा, देवरानी डोली मुंडा ने हत्या की साजिश रची थी.
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि डॉली मुंडा ने अपने फुफेरा देवर सुकलाल मुंडा व ससुर सोयना मुंडा के साथ साजिश रची. इसके लिए साहेब हेंब्रम, गुरदेव बारीक व रायमर मुंडा को दो लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी. पहले डेढ़ लाख रुपये का भुगतान किया गया. आरोपियों ने पहले महिला मोगरो से दोस्ती करते हुए संपर्क बढ़ाया. घटना के दिन फोन कर खेत में बुलाया. यहां गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.25 लाख रुपये नकद व हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है. आरोपियों को जेल भेज दिया है.



