


सरायकेला।
सरायकेला–खरसावां जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। जिले में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 09 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें सरायकेला–खरसावां एवं जमशेदपुर के योग्य अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी हिस्सा
जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने जानकारी दी कि इस रोजगार मेले में जिले एवं राज्य की कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। इनमें रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, के.सी. नाथ रिसोर्सेज, श्याम स्टील लिमिटेड, सुदिशा फाउंड्री, बीएन ट्रैक्टर्स, मित्तल मोटर्स, यूनिक सॉल्यूशन, संजीव रमन सिक्योरिटी, युवा शक्ति फाउंडेशन और प्रधान कंस्ट्रक्शन प्रमुख हैं।
इन कंपनियों द्वारा युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
1200 से अधिक पदों पर होगा चयन
रोजगार मेले के माध्यम से 1200 से अधिक पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति सरायकेला–खरसावां एवं जमशेदपुर क्षेत्र में की जाएगी।
उपलब्ध पदों में रोबोट इंजीनियर, टर्निंग ऑपरेटर, फिटर, HMC/VMC ऑपरेटर, मेंटेनेंस इंजीनियर, क्वालिटी इंजीनियर, सेल्समैन, टेलीकॉलर, ऑटोमोबाइल मैकेनिक, वेल्डर, सेफ्टी सुपरवाइजर, लाइन इंस्पेक्टर, क्रेन ऑपरेटर, मोबिलाइजर, कोऑर्डिनेटर, ट्रेनी, स्टोर कीपर, सिक्योरिटी गार्ड एवं ड्राइवर जैसे पद शामिल हैं।
₹15,000 से ₹50,000 तक वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों द्वारा ₹15,000 से ₹50,000 प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही कई अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी।
प्रमुख सुविधाएं—
निःशुल्क बस सेवा
कैंटीन सुविधा
पीएफ एवं ईएसआईसी
इंसेंटिव एवं अन्य लाभ
पात्रता एवं योग्यता
आयु सीमा: 18 से 45 वर्ष
शैक्षणिक योग्यता:
8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बी.टेक एवं एमबीए
नए एवं अनुभवी दोनों प्रकार के अभ्यर्थी अपने बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
पूर्णतः निःशुल्क चयन प्रक्रिया
जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी योग्य युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाएं। यह पूरी चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय अवधि में मॉडल कैरियर सेंटर सह जिला नियोजनालय, सरायकेला–खरसावां से संपर्क किया जा सकता है।




