


Seraikella-Kharsawan: खरसावां थाना क्षेत्र के खरसावां–सरायकेला मुख्य मार्ग पर कदमडीहा गांव के समीप शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खरसावां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खरसावां पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार सरायकेला के दूधी गांव निवासी सोनम सालडी (15 वर्ष), प्रिया सोरेन (16 वर्ष) और बादल बिरूली (24 वर्ष) खरसावां स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान कदमडीहा गांव के पास खरसावां से सरायकेला की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में दूधी गांव के तीनों लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही गंभीर घायल की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।



