


Seraikella-Kharsawan: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने सोमवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल प्रखंड अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) बहुल सुदूरवर्ती गांवों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत संचालित घर-घर गणना प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत धुनाबुरु के कोड़ाबुरु, तुलग्राम एवं पालगाम गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों और मतदाताओं से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा मतदाताओं से अपने विवरण का सत्यापन कराने और आवश्यकतानुसार गणना प्रपत्र भरकर पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य पूरी तरह समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न किया जाए।
उपायुक्त ने दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और गणना प्रपत्र वितरण तथा मतदाता सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग, वृद्ध एवं अन्य विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच बनाते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेश्वर रविदास सहित संबंधित अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्रों का वितरण, योग्य मतदाताओं का सत्यापन तथा पुनरीक्षण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए ग्रामीणों को जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया।



