


Garhwa. गढ़वा के जयश्री पैलेस होटल में अनैतिक देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ हुआ है. यह होटल पिपरा कला में रिहायशी इलाके में अवस्थित है. यहां देह व्यापार होने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों होटल संचालक शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी जय सोनी, होटल प्रबंधक अक्षयवर सिंह कुशवाहा और कर्मचारी अरविंद मेहता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार देह व्यापार के धंधे में गांव की गरीब व भोली-भाली लड़कियां शामिल हैं, जिनको लालच देकर होटल में अनैतिक कार्य के लिए बुलाया जाता था.
गढ़वा थाना प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्र से जानकारी मिली थी कि जयश्री पैलेस होटल में लंबे समय से देह व्यापार का संचालन हो रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी थी. टीम ने सोमवार की दोपहर होटल में छापामारी की. इस दौरान पांच युवक व पांच युवतियों सहित होटल संचालक को हिरासत में लिया गया.
अरविंद कुमार कुशवाहा करता था दलाली
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल की आड़ में अनैतिक देह व्यापार चलाया जा रहा था. पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं. इसके आधार पर पुलिस ने होटल संचालक जय सोनी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. उन्होंने बताया कि अरविंद कुमार कुशवाहा पर आरोप है कि वह दलाली का काम करता था. वह गांव की युवतियों को पैसों का लालच देकर होटल लाता था और ग्राहकों से सौदे करवाता था.



