

Mumbai. भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखी गई। इस समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 3,656.74 अंक चढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 1,219.65 अंक की बढ़त के साथ 26,308.05 पर पहुंच गया।
बाद में दोनों सूचकांकों ने अपनी बढ़त को आगे बढ़ाया। सेंसेक्स 4,205.27 अंक या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक निफ्टी भी 1,252.8 अंक या 4.99 प्रतिशत की छलांग लगाकर 26,341.20 पर था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इटरनल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 3.7 से 7.2 प्रतिशत के दायरे में भारी तेजी देखी गई। दूसरी ओर आईटीसी बड़ी कंपनियों के समूह में एकमात्र पिछड़ने वाला शेयर रहा।
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की खबर के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 119 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 90.30 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी शुल्क में कटौती से पूरी तस्वीर बदल गई है। इससे दुनिया के सामने भारत की स्थिति मजबूत हुई है और भारतीय बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी के दरवाजे खुल गये।



