


Mumbai.स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 1,046 अंकों का उछाल आया. वहीं एनएसई निफ्टी फिर से 25,000 के पार पहुंच गया. वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच वित्तीय, दूरसंचार और प्रौद्योगिकी शेयरों में खरीदारी के चलते शुक्रवार को बाजार में तेजी आई. कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बीच विदेश से बड़े पैमाने पर सकारात्मक रुझान और विदेशी पूंजी की लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों को समर्थन मिला. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,046.30 अंक यानी 1.29 प्रतिशत उछलकर 82,408.17 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 1,132.62 अंक यानी 1.39 प्रतिशत बढ़कर 82,494.49 पर पहुंच गया था.
वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 319.15 अंक यानी 1.29 प्रतिशत चढ़कर 25,112.40 पर बंद हुआ. सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, नेस्ले, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, इटरनल (पूर्व में जोमैटो) और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय बढ़त हुई. दूसरी ओर एक्सिस बैंक और मारुति गिरावट के साथ बंद हुए. बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 82.79 अंक नुकसान में रहा था जबकि एनएसई निफ्टी में 18.80 अंक की गिरावट आई थी.



