

Mumbai. पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आने के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की निकासी से भी शुरुआती कारोबार के दौरान निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 226.60 अंक टूटकर 77,028.56 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 120.40 अंक फिसलकर 24,053.55 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में इन्फोसिस, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाइटन के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं एचडीएफसी बैंक का शेयर दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कोटक महिंद्रा बैंक और भारती एयरटेल के शेयर में भी बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स शुक्रवार को 330.92 अंक और निफ्टी 84.80 अंक चढ़कर बंद हुआ था।

