


रांची. झामुमो संरक्षक और पूर्व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य की राजधानी रांची के मोरहाबादी इलाके में बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं. शिबू सोरेन का कल दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था. शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार आज रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित उनके पैतृक गांव में होगा.
स्वर्गीय शिबू सोरेन का पार्थिव बीती रात शरीर रांची के मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर पहुंचा. अंतिम दर्शन के लिए मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और मुख्य सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी यहां पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की. देर रात तक हजारों की संख्या में आम लोग अंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे.
अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के नेमरा में 5 अगस्त को 3 बजे किया जाएगा. मंगलवार की सुबह झामुमो के पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए शव रखा जाएगा. इसके बाद पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
दिशोम गुरुजी और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मोरहाबादी स्थित आवास पर देर रात पहुंचे. उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन को सांत्वना दी. इस दौरान आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी मौजूद थे.



