


Mumbai.भू-राजनीतिक तनाव कम होने और बड़ी कंपनियों के चुनिंदा शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में जहां 1,000 अंक का जोरदार उछाल आया, वहीं निफ्टी 304 अंक चढ़ गया. विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव शांत होने और घरेलू स्तर पर उपजे आशावाद ने निवेशकों की धारणा को मजबूती दी.
इसके अलावा एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से भी तेजी आई. बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,000.36 अंक यानी 1.21 प्रतिशत बढ़कर 83,755.87 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 1,056.58 अंक चढ़कर 83,812.09 अंक तक पहुंच गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 304.25 अंक यानी 1.21 प्रतिशत बढ़कर 25,549 अंक पर बंद हुआ.
– ये शेयर फायदे में रहे
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, इटर्नल, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से तेजी रही.
-इन शेयरों को नुकसान
इसके उलट, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, मारुति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में गिरावट का रुख देखने को मिला.
-एशिया और यूरोपीय बाजार का जानें हाल
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग में गिरावट रही. यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. बुधवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे.
-रुपया 41 पैसे की बढ़त के साथ 85.67 प्रति डॉलर पर
अमेरिकी डॉलर में भारी गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के रुख बीच रुपया 41 पैसे की बढ़त के साथ 85.67 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ. विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ईरान और इजराइल के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की क्षमता में वृद्धि से भी रुपये की धारणा को बल मिला.अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.91 पर खुला। दिन में 85.63 से 85.93 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में यह 85.67 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 41 पैसे की बढ़त दर्शाता है.



