


Mumbai. सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच दोहा में प्रस्तावित अगले दौर की वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। विदेशी निवेशकों की ताजा बिकवाली से भी बाजार की धारणा प्रभावित हुई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती बढ़त के साथ खुला, हालांकि जल्द ही बढ़त गंवाता हुआ 103.95 अंक टूटकर 76,624.42 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 40.10 अंक फिसलकर 23,908.80 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टाटा स्टील, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटर्नल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, मारुति, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल के शेयर बढ़त में रहे। सेंसेक्स सोमवार को 372.10 अंक और निफ्टी 109.75 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।



