Lahar Chakra

बिलासपुर मंडल में रेलवे अंडरपास जलभराव को लेकर कड़ी निगरानी, 24×7 प्रबंध किए गए

बिलासपुर।
वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए बिलासपुर रेल मंडल प्रशासन ने सभी रेलवे अंडरपास पर विशेष निगरानी और आवश्यक प्रबंध लागू किए हैं। इस दिशा में मंडल रेल प्रबंधक  राजमल खोईवाल के निर्देश पर अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मंडल के 18 चिन्हित अंडरपासों पर विशेष तौर पर कर्मचारियों की 24×7 ड्यूटी लगाई गई है, जो जल स्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इन स्थलों पर जल निकासी के लिए पंपिंग सेट, जेटिंग मशीन और अन्य उपकरण पहले से ही तैयार रखे गए हैं ताकि बारिश की स्थिति में तुरंत पानी निकाला जा सके।

READ MORE :  Jamshedpur News :पोटका के केजीबीवी में आधारभूत संरचना विकास कार्य का मंत्री रामदास सोरेन और विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

बिलासपुर स्टेशन यार्ड के दोनों छोरों पर स्थित अंडरब्रिजों में ऑटोमैटिक इलेक्ट्रिक पंप लगाए गए हैं जो जल स्तर के अनुसार स्वतः सक्रिय हो जाते हैं। अंडरब्रिज निर्माण के समय ही ग्रेविटी फ्लो तकनीक का ध्यान रखा गया था जिससे पानी रुकने की संभावना न्यूनतम हो, फिर भी अधिक वर्षा के दौरान पंपों की सहायता से जल निकासी सुनिश्चित की जाती है।

सुविधा और सुरक्षा के उद्देश्य से, अंडरब्रिजों की दीवारों पर जल स्तर पैरामीटर को अंकित किया गया है, साथ ही रेल पर्यवेक्षकों के मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किए गए हैं। इससे किसी भी असुविधा की स्थिति में राहगीर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

READ MORE :Jamshedpur News :टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों के पार्किंग शुल्क में वृद्धि पर विधायक संजीव सरदार ने डीआरएम के साथ की बैठक

रेल प्रशासन की अपील:
रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि भारी वर्षा के दौरान सतर्कता बरतें और जलभराव की स्थिति में जोखिम न उठाएं। किसी प्रकार की समस्या या आपातकालीन स्थिति में प्रदर्शित नंबरों पर तुरंत संपर्क करें।

यह कदम न केवल बारिश के मौसम में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में सराहनीय है, बल्कि रेलवे प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता का भी प्रमाण है।

Exit mobile version