
जमशेदपुर,
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबिली वर्ष के अंतर्गत आज मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 4:15 बजे से कुदी मोहंती ऑडिटोरियम, जुस्को स्कूल, कदमा में होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे टाटा स्टील के सीईओ सह प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन, जो “देश के विकास में पूर्वी भारत की भूमिका – जमशेदपुर का योगदान” विषय पर अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे।
इस अवसर पर टाटा स्टील के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कॉर्पोरेट सर्विसेज श्री सुंदर रामम एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी सिंहभूम चैंबर के मानद महासचिव मानव केडिया ने दी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत
कार्यक्रम की विशेषताएं:
चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि प्लेटिनम जुबिली कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह आयोजन व्यापार, उद्योग और पूर्वी भारत के समग्र विकास पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत इस समय औद्योगिक प्रगति के महत्वपूर्ण दौर में है और जमशेदपुर जैसे संसाधन-समृद्ध क्षेत्रों की भूमिका इसमें अहम है।
टी.वी. नरेंद्रन का संबोधन कोल्हान के व्यापारियों और उद्यमियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा, क्योंकि वह भारत के सबसे प्रतिष्ठित उद्योगपतियों में से एक हैं और वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में उनकी गहरी समझ है।
पूर्व अध्यक्षों के परिजनों का होगा सम्मान:
कार्यक्रम के दौरान चैंबर के दिवंगत पूर्व अध्यक्षों के परिवार के प्रमुख सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। चैंबर की वर्तमान मजबूती में उनके योगदान को याद करते हुए यह सम्मान स्वरूप उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। यह जानकारी उपाध्यक्ष पुनीत कांवटिया और सचिव अंशुल रिंगसिया ने दी।
सचिव भरत मकानी, कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया, अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक गोल्डी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु आदि चैंबर पदाधिकारियों ने कोल्हान क्षेत्र के सभी व्यवसायियों और उद्यमियों से आग्रह किया है कि वे इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम में भाग लें और टी.वी. नरेंद्रन जैसे दिग्गज उद्योगपति के अनुभवों से लाभान्वित हों।
