Jamshedpur. टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में सोमवार को बोनस समझौता पर मुहर लग गयी. प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई वार्ता के बाद समझौते पर हस्ताक्षर किया गया. समझौते के तहत इस वर्ष कर्मचारियों को 14.03 प्रतिशत बोनस मिलेगा। बोनस के रूप में अधिकतम 87,543 रुपये और औसतन 53,787 रुपये का भुगतान होगा। करीब 8,000 स्थायी कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। समझौते के अनुसार बोनस की राशि 1 अक्टूबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सुपरनेशन के सदस्यों को 15,791 रुपये की राशि देने पर भी सहमति बनी है।

पिछले वर्ष से 1.73% अधिक बोनस मिला है. पिछले साल 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। उस समय अधिकतम बोनस राशि 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये था। इस वर्ष बोनस प्रतिशत के साथ अधिकतम और औसत भुगतान राशि में भी वृद्धि हुई है। बोनस समझौते के साथ रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी सहमति बनी है। इसके तहत हर वर्ष 151 अप्रेंटिस की बहाली की जाएगी। अप्रेंटिसशिप के बाद डिप्लोमा कराने और इसके पश्चात स्थायीकरण का प्रावधान किए जाने की जानकारी यूनियन ने दी है।

कंपनी गेट से निकला जुलूस, आतिशबाजी कर मनाया जश्न
समझौता संपन्न होने के बाद कंपनी गेट से जुलूस निकाला गया। यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और यूनियन सलाहकार प्रवीण सिंह खुले वाहन पर सवार होकर गाजे-बाजे के साथ कंपनी से निकले। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। जुलूस शाम करीब सात बजे यूनियन कार्यालय पहुंचा।
इसके बाद यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर बोनस समझौते की जानकारी दी। महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि बोनस के साथ मजदूर हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सहमति बनी है।

