


Jamshedpur. टाटा मोटर्स ने लैंगिक समानता और कार्यस्थल पर विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. कंपनी ने अपने जमशेदपुर प्लांट में एक ऐसी असेंबली लाइन शुरू की है, जिसे पूरी तरह से महिला कर्मचारी संचालित करेंगी. यह देश के ऑटोमोबाइल उद्योग में अपनी तरह की पहली पहल है, जहां वाहनों की असेंबलिंग और प्रोडक्शन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में होगी. शुक्रवार को प्लांट-3 में स्थित एलपी ट्रिम लाइन का उद्घाटन हुआ, जिसे अब पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा संभाला जायेगा. इस कदम को कंपनी में विविधता और समावेशन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
महिला-संचालित असेंबली लाइन का उद्घाटन टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के हेड सुनील तिवारी, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, डिवीजन हेड किरण नरेंद्रन, और एचआर हेड प्रणव कुमार ने किया.
यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रबंधन की दूरदर्शी सोच बताया. उन्होंने कहा कि यह कदम लैंगिक भेदभाव को दूर करने की दिशा में एक उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने विश्वास जताया कि महिला कर्मचारी प्रबंधन की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरी उतरेंगी अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने भी महिला कर्मियों पर अपना पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वे इस लाइन को सुचारू रूप से चलायेगी.



