


Jamshedpur.बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे डीडी बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। मैनजर भी पकड़ा गया है. दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार, डीडी बार में हुए विवाद के बाद हिमांशु को बाहर लाया गया था। इसी दौरान अपराधियों ने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने अपराधियों के साथ-साथ बार के मालिक नीरज सिंह और मैनेजर के खिलाफ भी साजिश और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस की जांच में अब तक इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए नीरज सिंह और मैनेजर से पूछताछ के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ऐसे की गई गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि रविवार शाम पूजा कर मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय पुलिस ने नीरज सिंह को हिरासत में ले लिया। हालांकि, इस मामले में झारखंड पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। गिरफ्तारी की औपचारिक पुष्टि का इंतजार है।



