


Jamshedpur. टाटा स्टील के जमशेदपुर स्थित ट्यूब डिवीजन के कर्मचारियों की संख्या को कम किया जायेगा. इसको लेकर कंपनी प्रबंधन ने स्पेशल सेपरेशन स्कीम (एसएसएस) लांच कर दिया है. इसके साथ ही नौकरी छोड़ो नौकरी पाओ स्कीम भी लाया है. दरअसल, यह विभाग पिछले कई दिनों से घाटे में चल रहा है. इस कारण कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों की संख्या को घटाने का फैसला लिया है, जिसके लिए यह प्रस्ताव लाया गया है. नौकरी छोड़ो नौकरी पाओ स्कीम (जॉब फॉर जॉब स्कीम) लाभ के लिए कर्मचारियों की आयु 59 वर्ष 6 माह तक होनी चाहिए. लेकिन नौकरी छोड़ने की एवज में कर्मचारियों के वार्ड आश्रित की नियुक्ति टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेस लिमिटेड में की जाएगी. नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को पेंशन दिया जायेगा.
इसके तहत 40 से 49 वर्ष आयु तक के एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 20 हजार रुपये ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों को 40 हजार रुपए, 50 से 54 वर्ष तक की आयु वाले एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 22 हजार रुपए जबकि ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों को 45 हजार रुपए तथा 55 से 60 साल तक की आयु वाले एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 25 हजार और ओल्ड ग्रेड के कर्मियों को 50 हजार पेंशन के रूप में मिलेगा.इस स्कीम का लाभ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा, जिनकी आयु कम से कम 40 वर्ष और न्यूनतम 10 साल की सेवा पूरी की है.
इस स्कीम की वैधता 3 नवम्बर से 30 नवम्बर के बीच होगी. इसके बाद कर्मचारियों को इस स्कीम का लाभ नहीं मिलेगा. इस स्कीम के तहत 40 से 49 साल तक की उम्र के कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए का 100 प्रतिशत, 50 से 54 वर्ष तक की आयु वाले कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए का 110 प्रतिशत और 55 से 60 वर्ष तक की आयु वाले कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए का 120 प्रतिशत राशि प्रतिमाह उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि तक मिलेगी. आवास रखने की समय सीमा अधिकतम छह साल या 60 साल की उम्र तक रख सकते हैं.
कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि तक मिलनेवाली मासिक राशि के अलावा उनके अंतिम बेसिक और डीए की छह माह की राशि के बराबर एकमुश्त स्पेशल सेपरेशन लाभ के रूप में उनके इच्छानुसार कभी भी भुगतान किया जाएगा. साथ ही 20 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ भी दिया जाएगा.



