


Jamshedpur. टाटा स्टील के कोक प्लांट का बैटरी 7 27 को बंद हो जाएगा. पर मैनपावर एडजस्ट करने का मुद्दा अब तक सुलझा नहीं है. शुक्रवार को इसे लेकर कमेटी मेंबरों के साथ अधिकारियों की बहस हो गयी. शुक्रवार को टाटा स्टील के कोक प्लांट के चीफ अभिजीत राय के स्तर पर सारे कमेटी मेंबरों की बैठक हुई. इस बैठक में कमेटी मेंबर आरसी झा, दीप राज रजक, शशिभूषण पिंगुआ, संजय पांडेय, मनोरंजन कुमार, यूके झा, एसएन शर्मा मौजूद थे.
बैठक में बताया गया कि 27 जनवरी से बैटरी नंबर 7 को बंद किया जायेगा. इसके लिए जितने कर्मचारी है, उसको सरप्लस किया जायेगा. कुछ कर्मचारी बच जायेंगे, दूसरे जगह उनको एडजस्ट किया जायेगा. इस दौरान कमेटी मेंबरों ने कहा कि जिस तरह पहले बैटरी नंबर 1, 2, 3 और बाद में 5 और 6 बंद हुआ, उसी तरह इसको बंद किया जाये और कर्मचारियों को वेकेंसी के अनुपात में कर्मचारियों को एडजस्ट कर दिया जाये, उसके बाद सरप्लस पुल में कर्मचारियों को भेजा जाये. लेकिन मैनेजमेंट ने यह तर्क मानने से इनकार कर दिया.
कोक प्लांट का मासिक जेडीसी भी इसके बाद आयोजित हुआ. इस जेडीसी में भी इस मुद्दा को उठाया गया. इस दौरान कमेटी मेंबरों ने अपना सख्त रुख दिखाया. बैटरी 7 के बंद होने के कारण आरसी झा समेत कई दिग्गज कमेटी मेंबर भी सरप्लस हो जायेंगे. इसका खतरा अब लटका हुआ है. वहीं, करीब 175 कर्मचारी सरप्लस हो जायेंगे, जिनको वर्तमान इएसएस योजना का लाभ लेना पड़ सकता है. इसको लेकर कर्मचारियों पर भारी दबाव है. तय हुआ है कि पहले लोकल स्तर पर बातचीत होगी, जिसके बाद ऊपर के स्तर पर वार्ता होकर इस मसले का हल निकाला जायेगा.



