

Patna. बिहार के आरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के दिल्ली जा रही सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि तड़के करीब चार बजे हुए इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि रेल यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है।
पूर्वी मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्रा ने कहा, ‘‘यह घटना तड़के उस समय हुई जब ट्रेन आरा जंक्शन से रवाना ही हुई थी। ट्रेन की गति धीमी होने और हमारी अत्याधुनिक प्रणाली के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।’’
उन्होंने कहा, प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि पटरी से उतरने की घटना चालक की चूक के कारण हुई, जिसने लाल सिग्नल को अनदेखा कर दिया। हालांकि, विस्तृत जांच से घटना के सही कारणों का पता चलेगा। सीपीआरओ ने बताया कि ‘डाउन लाइन’ हादसे से प्रभावित नहीं हुई और ट्रेन सुबह करीब साढ़े सात बजे आरा जंक्शन से गंतव्य के लिए रवाना हो गई।

