Chandigarh. हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. 33 वर्षीय ज्योति मल्होत्रा का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ. उसके पिता हरीश कुमार मल्होत्रा बिजली विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी हैं. बीए पास, अविवाहित ज्योति अधिकतर दिल्ली में रहती थी और हिसार में बहुत कम दिखाई देती थी. उसके खिलाफ जासूसी की जांच लंबे समय से चल रही थी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने बताया कि ज्योति नाम की आरोपी को हिसार के न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया है. उसने बताया कि यूट्यूबर के खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एक दिन पहले ही 25 वर्षीय एक स्नातकोत्तर छात्रा को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से कथित तौर पर संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
पुलिस ने बताया कि कैथल जिले के गुहला इलाके के आरोपी देवेंद्र सिंह को, रविवार को सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें अपलोड करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया.
कुछ दिन पहले, 24 वर्षीय युवक नोमान इलाही को पाकिस्तान में कुछ लोगों को संवेदनशील जानकारी देने के आरोप में पानीपत जिले से गिरफ्तार किया गया था.
ट्रैवल विद जो.. नाम के यूट्यूब चैनल
ट्रैवल विद जो.. नाम के यूट्यूब चैनल से ज्योति ने लोकप्रियता हासिल की. यूट्यूब पर उसके 3.77 लाख और इंस्टाग्राम पर 1.31 लाख फॉलोअर्स हैं. वह विभिन्न देशों की यात्रा से जुड़ी वीडियो बनाकर दर्शकों के बीच एक भरोसेमंद ट्रैवलर की छवि बना चुकी थी, लेकिन उसके चैनल पर पाकिस्तान से जुड़ी वीडियो और सकारात्मक नजरिया सुरक्षा एजेंसियों की नजर में आ गया. खासकर, भारत-पाक क्रिकेट मैचों पर बनाये गये वीडियो और कश्मीर टूर के दौरान सेना से जुड़ी गतिविधियों को शूट करना शक की नींव बन गया.