


Ranchi : चतरा जिला में टंडवा स्थित मगध आम्रपाली कोल परियोजना से जुड़े टेरर फंडिंग मामला सहित अन्य कई गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के रीजनल कमांडर कोहराम को हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है. हाई कोर्ट ने जिस मामले में उसे जमानत दी है, वह मामला चतरा जिले के सदर थाना से जुड़ा हुआ है.
इस केस का कांड संख्या (390/17) दर्ज है.
हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस रंगोन मुखोपाध्याय और जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की पीठ में कोहराम की जमानत पर सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि कोहराम के ऊपर 37 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं. लेकिन इस केस से जुड़े अन्य आरोपितों को पूर्व में मिली जमानत के आधार पर कोर्ट ने कोहराम को जमानत दे दी. कोहराम की ओर से अधिवक्ता सौरव कुमार ने बहस की. वहीं, राज्य सरकार की ओर से अन्य अधिवक्ता नेहाला शर्मिन ने भी बहस की.



