


Jamshedpur. जमशेदपुर के निकट बृहस्पतिवार को एक बस की चपेट में आने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना जमशेदपुर के बाहरी इलाके में एमजीएम पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले बड़ाबांकी गांव के पास हुई. दुर्घटना में मारे गए दोनों लोग पारडीह में अपने कार्यस्थल पर जा रहे थे.
उन्होंने बताया कि वे स्कूटर पर सवार थे, तभी तेज गति से आ रही एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. स्कूटर को टक्कर मारने के बाद बस चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था और इसी क्रम में स्कूटर को चार किलोमीटर तक घसीटता गया.
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बस को रोक लिया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा. बस ओडिशा जा रही थी। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतकों की पहचान राजेश सोरेन और अंजना महतो के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के बिरसानगर के निवासी थे. उन्होंने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.



