


Kolkata/Ranchi.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बने कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. पश्चिम बंगाल में कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में रात भर हुई भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर गया और यातायात ठप हो गया. आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और कोलकाता में कई घरों एवं आवासीय परिसरों में पानी घुस गया. शहर में और अधिक बारिश होने की आशंका है.
कम दबाव के क्षेत्र का 24 घंटे के अंदर में इसके और सक्रिय होने तथा इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के संकेत मिले हैं. इस स्थिति में 23 सितंबर को कोल्हान के इलाके में वज्रपात के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. जबकि, 24 सितंबर को रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. झारखंड के अन्य इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. 25 सितंबर को पूरे राज्य में वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.
25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में फिर से निम्न दबाववाला क्षेत्र बनने के आसार है. इसकी दिशा दक्षिण ओडिशा से उत्तर आंध्रप्रदेश की ओर है. 26 सितंबर से झारखंड पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है.
मौसम विभाग ने कहा कि बुधवार तक दक्षिण बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. उसने कहा कि 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.



