


चाईबासा. भाकपा माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया समेत अन्य माओवादियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं. पश्चिमी सिंहभूम जिले के घनघोर जंगलों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है.
जिला पुलिस एवं कोबरा 209 बटालियन के साथ एक संयुक्त अभियान दल का गठन करते हुए गुरुवार को जराईकेला थानान्तर्गत जंगली/पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान प्रारम्भ किया था.
संयुक्त अभियान दल के द्वारा सर्च अभियान के दौरान शुक्रवार को जराईकेला थानान्तर्गत हेंडेकुली के आसपास जंगली पहाड़ी के क्षेत्र में तीन माओवादी बंकर नजर आए. इन बंकरों को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया.
उक्त माओवादी बंकर से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गयी है. पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों माओवादी बंकर पूर्व में ही बनाकर रखे गये थे. पुलिस से छिपने के लिए इनका प्रयोग किया जाता था.
इन बंकरों से तार सहित बैटरी, नक्सली हरी वर्दी, नक्सली काली वर्दी, जंगली जूता, पिट्टू, काला पटका, स्टील कंटेनर, काला पॉलिथीन व अन्य दैनिक उपयोग के सामान शामिल हैं.
पुलिस अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी कि शुक्रवार की सुबह 10:30 बजे मनोहरपुर थाना अंतर्गत दीघा-तिरिलापोसी सीमा पर माओवादियों द्वारा लगाए आईईडी के ब्लास्ट होने से घायल हुए सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के दो जवान राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप को एयरलिफ्ट कर रांची भेज दिया गया है.



