


New Delhi. एक बार फिर से महिला क्रिकेट के रोमांच का पारा शुक्रवार से चढ़ेगा. बीसीसीआइ की ओर से आयोजित महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के तीसरे संस्करण का आगाज शुक्रवार को होगा. वड़ोदरा में उद्घाटन मुकाबला गतविजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जायंट्स टीम से होगा. पांच टीमों के बीच इस बार 20 लीग मुकाबलों के साथ कुल 22 मैच खेले जायेंगे.
15 मार्च को मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में फाइनल मैच होगा. पहली बार होगा जब डब्ल्यूपीएल के मुकाबले चार शहरों वड़ोदरा, बेंगलुरु, लखनऊ और मुंबई में आयोजित किये जायेंगे. टूर्नामेंट वड़ोदरा में छह मैचों के साथ शुरू होगा. इसके बाद बेंगलुरु में आठ मैच होंगे. इसके बाद लखनऊ और मुंबई चार-चार मैचों की मेजबानी करेंगे.इससे दिल्ली को इस सीजन में कोई घरेलू मैच नहीं मिलेगा.
डब्ल्यूपीएल में हिस्सा लेनेवाली गुजरात जायंट्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स की टीमें लीग चरण में दो बार एक-दूसरे से भिड़ेगी. नंबर-1 पर रहनेवाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाइ करेगी. दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी, जो जीतेगी फाइनल में पहुंचेगी.
स्टार स्पोर्ट्स पर प्रसारण
भारत में इसका प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर होगा. सभी मैच शाम को 7.30 बजे से होंगे. कोई डबल हेडर्स मुकाबला नहीं, 30 दिनों में 22 मैच खेले जायेंगे. पिछले दो संस्करण की बात करें, तो 2023 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मुंबई, तो 2024 स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी ने खिताब जीता था.



