


Jharkhand News : जोहार ट्रस्ट एवं आदिवासी हो समाज महासभा, पूर्वी सिंहभूम की ओर से तीन दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव का आयोजन 7 से 9 मार्च तक बिष्टुपुर गोपाल मैदान होगा. इस महोत्सव में देशभर के आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं. महोत्सव में पारंपरिक गीत, संगीत, नृत्य और खेलकूद की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जायेंगी. महोत्सव में दो सौ स्टॉल लगाये गये हैं, जिनमें आदिवासी व्यंजन, परिधान, पुस्तकें, कला एवं शिल्प, फर्नीचर, डेकोरेशन आइटम, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कार एवं बाइक आदि की प्रदर्शनी सह सेल का आयोजन भी किया जायेगा. राष्ट्रीय मागे महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा शिरकत करेंगे. राष्ट्रीय मागे महोत्सव विभिन्न आदिवासी समुदायों के बीच सामाजिक एकता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा. यह कार्यक्रम देशभर के आदिवासी समुदायों को जोड़कर पारस्परिक सहयोग, कला-संस्कृति के आदान-प्रदान और आपसी सद्भावना को मजबूत करने का कार्य करेगा.
राष्ट्रीय मागे महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को होगा. महोत्सव के प्रथम दिन 11 राज्यों के आदिवासी नृत्य दल भाग ले रहे हैं. सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक मागे नृत्य प्रस्तुत करने वाले नृत्य मंडलियों के बीच नकद 2.11 लाख की राशि का वितरण पुरस्कार के रूप में किया जायेगा. साथ ही विजेता टीमों को प्रमाण पत्र व मोमेंटो प्रदान किया गया जायेगा.



