


जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक का उद्देश्य नशीली दवाओं के अवैध उत्पादन, तस्करी और सेवन की रोकथाम को लेकर चल रही कार्रवाई की समीक्षा करना था. एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों और कानून प्रवर्तन की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई.
शहरी क्षेत्रों के युवाओं में नशे के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि थाना स्तर पर सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ कार्यशालाएं आयोजित की जाएं. इन कार्यक्रमों में डालसा के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे.
इसके साथ ही, विद्यालयों में गठित प्रहरी क्लबों की नियमित बैठक कर स्कूली बच्चों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि ड्रग इंस्पेक्टर प्रत्येक माह जिले की सभी दवा दुकानों में बिकने वाली नार्कोटिक्स दवाओं के स्टॉक और विक्रय की रिपोर्ट प्रस्तुत करें.
इसके अलावा, दवा दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं की सूची स्पष्ट रूप से डिस्प्ले करने का भी आदेश दिया गया है. जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि मादक पौधों की संभावित खेती वाले क्षेत्रों की बीटीएम के माध्यम से पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें.



