


Jamshedpur. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में शुक्रवार को भी दिखा. जमशेदपुर, रांची, गुमला, लातेहार समेत कई जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। पलामू में वज्रपात की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक शख्स जख्मी है. मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के विभिन्न इलाकों में 2 जून तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है. साथ ही तेज रफ्तार में हवा के चलने और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है.
दक्षिण पश्चिम मानसून के झारखंड में पांच जून तक दस्तक देने की संभावना है. मानसून के अगले तीन-चार दिनों में पश्चिम बंगाल पहुंचने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है. पश्चिम बंगाल में मानसून के पहुंचते ही दो-तीन दिनों के भीतर यह झारखंड में प्रवेश कर जाएगा.मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के तटीय इलाकों में निम्न दबाव के क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल और झारखंड में अगले दो-तीन दिनों के भीतर भारी बारिश होने की आशंका है. हालांकि अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में मौसम की गतिविधि के आधार पर मानसून के आगे बढ़ने पर यह निर्भर करेगा.



