


Jamshedpur. लगातार बारिश के बाद चांडिल डैम का जलस्तर गुरुवार शाम तक 181.75 मीटर तक पहुंच गया.इसके बाद 11 रेडियल गेट खोल दिये गये हैं. इनमें दो गेट 2-2 मीटर और 9 गेट 3-3 मीटर तक खोले गये हैं, ताकि पानी का दबाव कम किया जा सके. डैम के फाटक खुने और लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है.
दोनों नदियों में जलप्रवाह अब सामान्य सीमा से अधिक हो गया है, जिससे तटीय क्षेत्रों में बाढ़ की गंभीर आशंका उत्पन्न हो गई है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट मोड अपनाया है. नदी किनारे रह रहे नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से नदी के निकट न जाएं और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लें.
इधर, डैम के जलस्तर में बढ़ोतरी से चांडिल, नीमडीह, कुकड़ू और ईचागढ़ के विस्थापित गांवों में बसे लोगों में भय का माहौल है. डैम के गेट खुलने और बारिश जारी रहने के कारण कपाली नगर परिषद क्षेत्र में भी पानी भर गया है. कई घरों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
जलस्तर की वर्तमान स्थिति
- स्वर्णरेखा नदी (मानगो पुल के पास):
- खतरे का स्तर: 121.50 मीटर, वर्तमान: 122.70 मीटर
- खरकई नदी (आदित्यपुर पुल के पास):
- खतरे का स्तर: 129.00 मीटर, वर्तमान: 131.95 मीटर



