


Chaibasa. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी वर्ष 2018 में एक रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े एक मामले में बुधवार को झारखंड के चाईबासा स्थित सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में पेश होंगे. कांग्रेस के एक नेता ने यह जानकारी दी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए झारखंड पहुंचे . कांग्रेस नेता और झारखंड में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, ‘राहुल जी आज रात रांची में रहेंगे और बुधवार को चाईबासा जाकर अदालत में पेश होंगे. इसके बाद वह रांची लौटकर दिल्ली के लिए रवाना होंगे.’ गांधी ने दो जून को झारखंड उच्च न्यायालय में विशेष अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें 26 जून को पेश होने का निर्देश दिया गया था.
कांग्रेस सांसद के वकील ने 10 जून को उच्च न्यायालय को सूचित किया था कि उनके मुवक्किल निर्धारित दिन पर पेश नहीं हो पाएंगे और इसके बजाय उन्होंने छह अगस्त की अगली तारीख देने का अनुरोध किया था. उच्च न्यायालय ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था. गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला प्रताप कुमार नामक व्यक्ति द्वारा दायर किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली के दौरान भाजपा नेताओं के खिलाफ मानहानिपूर्ण बयान दिए थे.



