


Jamshedpur. अमेरिका की ओर से भारत पर लगाये गये टैरिफ के विरोध में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गुरुवार को पोस्टर लॉन्च किया. पोस्टर के माध्यम से चैंबर ने अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार एवं स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का आह्वान किया है. पोस्टर को चैंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने उपाध्यक्ष व्यापार एवं वाणिज्य अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ जारी किया. इस अवसर पर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि अमेरिका का यह निर्णय अनैतिक एवं अव्यवहारिक है। जब पूरे विश्व का व्यापारिक परिदृश्य वैश्विक दृष्टिकोण से प्रभावित हो रहा है, ऐसे में इस निर्णय के दूरगामी प्रतिकूल परिणाम होंगे.
उन्होंने कहा कोरोना के समय भी इस तरह के अव्यवहारिक निर्णयों से भारत के सामने दिक्कतें आई थीं, परंतु भारत के उद्यमियों एवं व्यापारियों ने अपनी उद्यमशीलता से सारी परेशानियों को दूर किया और आपदा को अवसर में बदलते हुए नए कीर्तिमान स्थापित किए. उन्होंने कहा कि अभी भी ऐसे निर्णयों से भारतीयों को हताश नहीं होना चाहिए. अपितु इन्हीं परिस्थितियों में रास्ता तलाश कर अमेरिका को मुंहतोड़ जवाब देने की तैयारी करनी चाहिए.
इस अवसर पर अनिल मोदी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह निर्णय तानाशाही भरा है. वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाईजेशन के नियमों के विरूद्ध है. उन्होंने कहा कि अमेरिका का यह एलान वैश्विक मंच पर भारत को नीचा दिखाने का प्रयास है. इस अवसर पर सचिव अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, अनीस वैद्य, प्रमोद मेहता के अलावा अन्य सदस्य उपस्थित थे.



