


Hazaribag. हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के राम जानकी मंदिर के समीप बाइक की चपेट में आने से महिला आरती देवी की मौत हो गयी. इस घटना के बाद गुस्साये परिजनों ने बाइक चालक दीपक उर्फ गोलू को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी. यह घटना तीन अगस्त की रात करीब 11 बजे की है. सड़क दुर्घटना में दीपक के अलावा बाइक पर सवार तीन अन्य युवक निखिल कुमार, रवींद्र कुमार एवं संदीप कुमार घायल हो गये. इस मामले में मृतका आरती देवी और मृतक दीपक के परिजनों ने मामला दर्ज करने के लिए थाना में अलग-अलग आवेदन दिया है. खपिया गांव निवासी देवशरण साव के पुत्र दीपक उर्फ गोलू का शव केरेडारी पहुंचने के बाद परिजनों ने रोड जाम कर दिया.
दीपक के परिजनों ने केरेडारी थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में मृतक महिला आरती देवी के पिता चोहन महतो, चाचा नरेश महतो, संजय महतो, राजू महतो वअन्य लोगों पर पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. इधर, मृत महिला के परिजनों ने केरेडारी थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में मोटरसाइकिल से मौत होने की बात कही गयी है. थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर जांच की जा रही है.



