


Jamshedpur. स्वच्छ भारत अभियान के तहत जमशेदपुर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की गयी है. स्वच्छ पूजा पंडाल प्रतियोगिता शुरू की गयी है. पूजा के दौरान स्वच्छता को बढ़ावा देने वाले तीन सर्वश्रेष्ठ पंडाल पुरस्कृत होंगे. यह प्रतियोगिता 2 अक्टूबर तक चलेगा. मानगो नगर निगम क्षेत्र के 22 और जेएनएसी एरिया के 30 पूजा पंडालों के बीच प्रतियोगिता होगी. प्रतियोगिता 150 अंकों की है. पहले से तय 15 बिंदुओं पर पूजा पंडालों को परखा जायेगा. हर बिंदु के लिए 10 अंक निर्धारित हैं.
दरअसल, शहर को साफ-सुथरा बनाये रखने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता शुरू की गयी है. सोमवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और मानगो नगर निगम के अधिकारियों ने शहर के पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. प्रत्येक नगर निकाय से तीन सर्वश्रेष्ठ पंडालों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा व प्रमाण पत्र दिये जायेंगे.



