


New Delhi. निरमा समूह की सीमेंट कंपनी नुवोको विस्टास कॉरपोरेशन ने जेएसडब्ल्यू सीमेंट लिमिटेड और अल्फा अल्टरनेटिव्स होल्डिंग्स से 200 करोड़ रुपये के सौदे में गुजरात की वडराज एनर्जी का अधिग्रहण करने की मंगलवार को घोषणा की. देश के पांचवें सबसे बड़े सीमेंट विनिर्माता नुवोको विस्टास ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, उसने एल्जेब्रा एंडेवर प्राइवेट लिमिटेड की 100 प्रतिशत प्रतिभूतियों के अधिग्रहण के लिए प्रतिभूति खरीद समझौते को निष्पादित किया है.
एल्जेब्रा एंडेवर प्राइवेट लिमिटेड, वडराज एनर्जी, गुजरात की होल्डिंग (प्रमुख) कंपनी है.
बयान में कहा गया कि एल्जेब्रा की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी वडराज एनर्जी (गुजरात) के पास कच्छ एवं सूरत में बिजली संयंत्र हैं. कंपनी द्वारा उक्त सुविधाओं का उपयोग नुवोको विस्टास की निजी बिजली खपत के लिए किया जाएगा. नुवोको क्षमता के आधार पर भारत का पांचवां सबसे बड़ा सीमेंट समूह है, जिसकी उत्पादन क्षमता 3.5 करोड़ टन प्रति वर्ष तक पहुंच गई है. यह पूर्वी भारत में अग्रणी कंपनी है.



