


Jamshedpur. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा है कि जल्द ही प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर कर दिया जाएगा. इसके लिए प्रक्रिया चल रही है. राज्यपाल ने कहा कि वह खुद शिक्षकों की कमी के मामले को मॉनिटर कर रहे हैं और इस समस्या को समाप्त करने के लिए काम चल रहा है. उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही झारखंड के सभी विश्वविद्यालय में इसका असर भी दिखेगा. जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने यह बात कही.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में बुधवार को तृतीय दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया इसमें राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. इस दौरान राज्यपाल ने छात्राओं से विकसित भारत 2047 को साकार करने में योगदान देने को अपील की. इस अवसर पर 25 छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया. इसके अलावा 17 रैंक होल्डर्स को विशेष सम्मान प्रदान किया गया.
यहां उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह में दी जा रही यह उपाधि लंबे त्याग और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि कोल्हान प्रमंडल में इस विश्वविद्यालय अपनी अलग पहचान बनाई है. यह विश्व हजारों बेटियों के सपनों को उड़ान दे रहा है और नारी सशक्तिकरण में योगदान दे रहा है. प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ बेटी बढ़ा अभियान को यह विश्वविद्यालय आगे बढ़ा रहा है.
हमारे देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की छात्राएं भी इसमें योगदान देंगी. क्रिकेट वर्ल्ड कप में हाल ही में भारत की बेटियों ने मान बढ़ाया है. इससे बेटियां प्रेरित हुई हैं. उन्होंने कहा कि दीक्षांत के बाद छात्राएं जिस क्षेत्र में भी जाएं, अपने मूल्यों को बनकर रखें. सीखते रहने की प्रवृति न छोड़ें.



