


Mumbai. भारत और फ्रांस ने मंगलवार को अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के मुकाम तक पहुंचाया और दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व ने रक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बढ़ते भू-राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर द्विपक्षीय संबंधों को ‘वैश्विक स्थिरता के लिए एक ताकत’ बताया। दोनों नेताओं ने मुंबई में अपनी वार्ता के बाद, कर्नाटक के वेमागल में एयरबस एच125 हेलीकॉप्टरों के उत्पादन के लिए कलपुर्जों को जोड़ने संबंधी इकाई (असेंबली लाइन) का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया।
इससे भारत की एयरोस्पेस विनिर्माण क्षमताएं बढ़ने की उम्मीद है। दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा, उच्च प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कुल 21 समझौतों और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
इन समझौतों में रक्षा सहयोग पर एक समझौता तथा भारत में ‘हैमर’ मिसाइलों के उत्पादन के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) और फ्रांसीसी रक्षा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी सैफरान के बीच संयुक्त उद्यम पर समझौता शामिल है। भारतीय सेना और फ्रांसीसी ‘लैंड फोर्सेज’ में अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती के लिए एक अलग समझौता भी किया गया। मोदी-मैक्रों की वार्ता में मुख्य रूप से रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, संयुक्त विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला, अनुसंधान और विकास तथा शिक्षा सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए फ्रांसीसी राष्ट्रपति के मुंबई पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद, मोदी ने वहां मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता की।
वहीं, मैक्रों ने कहा कि भारत, फ्रांस के सबसे भरोसेमंद साझेदारों में से एक है। उन्होंने कहा, ‘राफेल लड़ाकू विमानों से लेकर पनडुब्बियों तक, हम रक्षा सहयोग का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘दोनों देश कानून के शासन में दृढ़ विश्वास रखते हैं, और यह पिछले कुछ वर्षों में सिद्ध हो चुका है। मैक्रों ने कहा कि भारत और फ्रांस आतंकवाद से निपटने के लिए सहयोग जारी रखेंगे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने वर्चस्ववादी ताकतों सहित वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए एक साझा ‘रोडमैप’ की बात की और कहा कि भारत और फ्रांस ऐसे दो देश हैं, जो दुनिया में बहुत योगदान दे सकते हैं।



