


जमशेदपुर (Jamshedpur): आजसू पार्टी के स्थापना दिवस और 22 जून को धनबाद में आयोजित होने वाली ‘जनाक्रोश रैली’ की सफलता को लेकर जमशेदपुर के निर्मल गेस्ट हाउस में एक अहम जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में पार्टी सुप्रीमो सह केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो का जन्मदिन केक काटकर पूरे उत्साह के साथ मनाया गया और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर झारखंड के विकास और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का शंखनाद किया।
धनबाद रैली में पूर्वी सिंहभूम से जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 22 जून को धनबाद में होने वाली जनाक्रोश रैली में पूर्वी सिंहभूम जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के जनहित, युवाओं, किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों की बुलंद आवाज बनने के लिए लगातार सड़क पर संघर्ष कर रही है। यह जनाक्रोश रैली राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक कड़ा और ऐतिहासिक संदेश देने का काम करेगी।
संगठन की मजबूती ही असली पूंजी: कन्हैया सिंह
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने पंचायत, प्रखंड और बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कन्हैया सिंह ने बताया कि पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘बीएलए-2’ (BLA-2) अभियान को युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही, आगामी 8 अगस्त को ‘युवा आजसू’ के साथ मिलकर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन कर कोल्हान में पार्टी की पूरी सांगठनिक ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा।
चंद्रगुप्त सिंह को मिली जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की कमान
बैठक में बतौर अतिथि उपस्थित वरिष्ठ नेता चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी अपनी नीति, सिद्धांत और आंदोलनकारी विरासत के साथ एक बार फिर ‘न्याय आंदोलन’ के अंदाज में जनता के बीच जाएगी। पार्टी नए तेवर और नई ऊर्जा के साथ जनसरोकार के मुद्दों पर धारदार आंदोलन करेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से एक अहम सांगठनिक फैसला लेते हुए चंद्रगुप्त सिंह को ‘बीएलए-1’ (BLA-1) पूर्वी विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया। उनके सहयोग के लिए अप्पू तिवारी, आकाश सिन्हा और देवाशीष चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में इन प्रमुख चेहरों की रही उपस्थिति
बैठक के अंत में सभी ने धनबाद रैली को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर मुख्य रूप से रामचंद्र सहिस, चंद्रगुप्त सिंह, कन्हैया सिंह, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, शैलेन्द्र सिन्हा, मृत्युंजय सिंह, कृतिवास मंडल, आकाश सिन्हा, रामकृष्ण महतो, नीरज सिंह, दीपक पांडेय, मुन्ना खान, चंद्रेश्वर पांडेय, संतोष सिंह, सुधीर सिंह, ललित सिंह, बबलू सिंह और लाल सिंह समेत कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



