


जमशेदपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में योग किया। आईडब्ल्यूसी जमशेदपुर एवं सूर्य मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग्याभ्यास कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अखिलेश चौधरी ने विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सभी के निरोग रहने की कामना करते हुए कहा कि भारत की ऋषि परंपरा से उपजा योग आज विश्व को शांति, स्वास्थ्य और संतुलन का मार्ग दिखा रहा है। योग शब्द का अर्थ ही जुड़ना है। प्रतिदिन योग करने से हमारा शरीर, मस्तिष्क, विचार स्वस्थ और सतर्क रहता है। भारत की संस्कृति में योग की उत्पत्ति बहुत प्राचीन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 21 जून 2015 से ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ मनाने की शुरुआत हुई। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। श्री दास ने कहा कि आधुनिक युग में लोग तनाव की जिंदगी जी रहे हैं, ऐसे में मानसिक शांति एवं संतुलन के लिए योग सबसे बेहतर और कारगर है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधे घण्टे योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत ही समृद्ध भारत के निर्माण का आधार बन सकते हैं।
इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, कंचन दत्ता, राकेश सिंह, सुशांत पांडा, अरुण तिवारी, ओम पोद्दार व अन्य मौजूद रहे।



