Jamshedpur. रिम्स जमीन घोटाले की जांच में जुटी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को मानगो स्थित सन सिटी में बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार के आवास पर छापेमारी की। सुबह करीब 9:30 बजे पांच वाहनों से पहुंची एसीबी की टीम ने बंगला नंबर 173 में घंटों तलाशी अभियान चलाया। आवास के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होने के कारण टीम को पहले उसका लॉक कटवाना पड़ा। इसके बाद अधिकारियों ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली।

एसीबी डीएसपी इंद्रदेव राम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान घर में रखी एक अलमीरा का लॉक नहीं खुलने पर मिस्त्री को बुलाया गया। बाद में लॉक कटवाकर उसके अंदर रखे दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद कर जब्त किए। सभी दस्तावेजों को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है। छापेमारी के दौरान बंगले के बाहर पुलिस केंद्र के जवानों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था। सुबह-सुबह पांच वाहनों से बड़ी संख्या में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के पहुंचने से सन सिटी के लोग भी सकते में आ गए। सुरक्षा घेरे में एसीबी की टीम ने काफी देर तक आवास के भीतर जांच-पड़ताल की.

गौरतलब है कि रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी ने गुरुवार को बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के ठीक अगले दिन जमशेदपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी कर दस्तावेजों की तलाश की गई। माना जा रहा है कि जब्त कागजात की जांच से मामले में कुछ और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
इस घोटाले में एसीबी अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें 17 नवंबर को गिरफ्तार रांची सदर के तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, वैभव मणित्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। बेरमो एसडीओ की गिरफ्तारी और उनके आवास पर छापेमारी के बाद एसीबी की जांच का दायरा और बढ़ गया है।

