
Jamshedpur. मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर शादी का रिश्ता तय करने के बहाने एक महिला को धोखे में रखने, उसकी नाबालिग बच्ची के साथ गलत व्यवहार करने और बाद में ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने की कोशिश का मामला सामने आया है। असम के गुवाहाटी की रहने वाली ममता राय ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी को लिखित शिकायत देकर आरोपी अमित विश्वकर्मा, उसकी मां अनिता देवी और पत्नी पूजा शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से अमित विश्वकर्मा ने शादी का प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद वह असम स्थित उनके घर पहुंचा और परिवार के सामने शादी की बात रखी।

उस दौरान अमित ने खुद को विधुर बताते हुए दावा किया कि उसकी पत्नी और बच्चे की मौत हो चुकी है। उसकी मां अनिता देवी ने भी फोन पर इस बात की पुष्टि की थी। आरोपी की ओर से कुछ दस्तावेज भी भेजे गए थे, लेकिन जांच कराने पर वे फर्जी पाए गए। ममता राय का आरोप है कि जब उन्होंने अपने स्तर से जानकारी जुटाई तो पता चला कि अमित की पत्नी पूजा शर्मा और बच्चा दोनों जीवित हैं। यहां तक कि उसकी पत्नी ने भी खुद को मृत बताने के झूठे दावे में सहयोग किया था।

इसी दौरान पीड़िता की नाबालिग बच्ची ने भी अमित पर गलत तरीके से छूने और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया मामले की सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़िता जमशेदपुर पहुंचीं, तब तक आरोपी और उसके परिवार के सदस्य फरार हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने आदित्यपुर थाने में शिकायत की। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को असम के गुवाहाटी स्थित पटासिल आमबाड़ी थाने में भेज दिया था।
पीड़िता के मुताबिक, वारंट जारी होने के बाद असम पुलिस जब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आदित्यपुर पहुंची तो वह परिवार समेत फरार मिला। बाद में मामले में चार्जशीट दाखिल हुई और दोबारा वारंट जारी होने पर आरोपी ने जमानत के लिए याचिका दायर की। इस दौरान उसके परिवार की ओर से माफीनामा भी दिया गया था ममता राय का आरोप है कि माफीनामा देने के बावजूद आरोपियों का रवैया नहीं बदला। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से अभद्र संदेश भेजकर परेशान किया जाने लगा और जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया। साथ ही बड़ी रकम की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर अपहरण करने तथा उनकी निजी जानकारी और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने धमकी को अंजाम देते हुए उनकी निजी तस्वीरें रिश्तेदारों को भी भेज दीं। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उन्होंने 19 नवंबर को बिष्टुपुर थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। अब पीड़िता ने एसएसपी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

