Chaibasa. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए झारखंड विधानसभा के सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई चयन समिति की बैठक में पूर्ति के नाम को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारी ने बताया कि बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। महतो ने संवाददाताओं से कहा, पूर्ति को 22 नवंबर को विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनके अलावा विधानसभा के कुछ कर्मचारियों और कर्मियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।’’ चार बार के विधायक पूर्ति (57) वर्ष 2014 से मझगांव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले वह 2005 से 2009 तक इस सीट से विधायक रहे थे।

विधायक का कहना है कि वह झामुमो के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के आदर्शों का अनुसरण करते हैं। महतो ने बताया कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में उन्हें पुरस्कार प्रदान करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।


