Jamshedpur. हावड़ा-टाटानगर स्टील एक्सप्रेस में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन की सी-3 बोगी में आग लगने की खबर सामने आई। घटना के बाद ट्रेन में तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया गया और सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को बोगी से नीचे उतारा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बोगी के इलेक्ट्रिक पैनल में चूहा घुसने के कारण शॉर्ट सर्किट होने और आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय ट्रेन तेज रफ्तार में चल रही थी।

आग की खबर मिलते ही ट्रेन में मौजूद रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि आग विकराल रूप नहीं ले सकी और समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। घटना में फिलहाल किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

आवश्यक जांच और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन को दोबारा रवाना कर दिया गया। फिलहाल ट्रेन घाटशिला स्टेशन पार कर चुकी है और करीब एक घंटे की देरी से चल रही है। घटना के दौरान यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन बड़ा हादसा टलने से सभी ने राहत की सांस ली।

