


Jamshedpur. बर्मामाइंस थाना पुलिस ने चापड़ के बल पर हुई लूटपाट की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकद राशि, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा दो स्टील के चापड़ बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार शांतिनगर, बारीडीह निवासी राजेश कुमार जायसवाल ने बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रविवार (5 जुलाई) की रात करीब 9:30 बजे वह बर्मामाइंस बाजार जा रहे थे। बाजार से पहले सुनसान स्थान पर लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और चापड़ दिखाकर उन्हें धमकाया।
आरोपियों ने उनका पर्स और मोबाइल फोन छीन लिया। पर्स में 700 रुपये नकद रखे हुए थे। शिकायत दर्ज होते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकद राशि, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो स्टील के चापड़ बरामद कर लिए हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।



