



Jamshedpur. साकची के काशीडीह बाराद्वारी क्वार्टर संख्या एल-4/63 में 16 जुलाई की दोपहर चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर करीब छह लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय मकान मालिक चौधरी ब्रह्म नारायण राम गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने मानगो गए थे। रात में लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन छह दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। चौधरी ब्रह्म नारायण राम ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई की दोपहर करीब 1.30 बजे वह परिवार के साथ मानगो स्थित कल्याण विहार कॉलोनी में गृह प्रवेश में शामिल होने गए थे। रात करीब नौ बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर दूसरे कमरे का ताला भी टूटा था।
उन्होंने बताया कि कमरे में रखी अलमारी खुली थी। जांच में पता चला कि घर निर्माण के लिए रखे तीन लाख नकद और तीन लाख के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपनी बेटी से पूछा कि क्या वह घर आई थी, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। मकान मालिक का कहना है कि घर के बाहर और अंदर दोनों दरवाजों पर ताला लगा था। ऐसे में आशंका है कि चोर वेंटिलेटर के रास्ते घर के भीतर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
करीब तीन घंटे के भीतर चोरी की पूरी घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित ने उसी दिन साकची थाना को घटना की सूचना दे दी थी, लेकिन प्राथमिकी छह दिन बाद दर्ज की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


