


Dumka . झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली और गड़बड़ियां किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं तथा राज्य सरकार को परीक्षा प्रणाली की खामियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। राज्यपाल की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब राज्य की भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन 22वें दिन भी जारी रहा।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दुमका पुलिस लाइंस में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए गंगवार ने कहा कि प्रश्न पत्र लीक होने से कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता पाने का प्रयास करने वाले युवाओं का मनोबल और उनका भविष्य प्रभावित होता है। राज्यपाल ने कहा, ‘‘प्रश्नपत्र लीक होना और परीक्षाओं में किसी भी तरह की धांधली स्वीकार नहीं की जा सकती। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एक ऐसा मामला है जो सीधे तौर पर हमारे युवाओं के भविष्य और उनके भरोसे से जुड़ा हुआ है।’’
झारखंड के युवाओं को प्रतिभाशाली और मेहनती बताते हुए गंगवार ने कहा कि राज्य सरकार को परीक्षा प्रणाली की कमियों की समीक्षा कर उन्हें दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा, “युवाओं की योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। उन्हें केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित रखने के बजाय हम निजी क्षेत्र और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रहे हैं।”
गंगवार ने कहा कि सरकार का ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और किसानों एवं वंचित वर्गों के कल्याण पर है। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस बल को आधुनिक प्रौद्योगिकी और संसाधनों से लैस किया जा रहा है।

