


Ranchi. जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा रद्द करने और सीबीआई जांच की मांग पर बैठे छात्रों के आंदोलन का रविवार को 23वां दिन है। आंदोलन अब भी जारी है और छात्र अपनी मांग पर डटे हुए हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से तिरंगा यात्रा निकाला।इस तिरंगा यात्रा में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र भी शामिल हुए। उन्हें व्हील चेयर के माध्यम से ले जाया गया। तिरंगा यात्रा स्टेडियम से निकल कर कचहरी चौक, लालपुर होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची।
फिर यहां से वापस स्टेडियम आई। छात्र नेता रविंद्र कुमार पासवान ने कहा कि सरकार को 18 अगस्त तक अल्टीमेटम दे रहे हैं, हमारी मांगों को पूरा करें। जेएसएससी सीजीएल रद्द कीजिए। टीडीपीएल एजेंसी द्वारा ली गई तमाम परीक्षाओं को रद्द करते हुए सीबीआई जांच कराइए। अगर ऐसा नहीं होता है तो झारखंड के लाखों छात्र 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करेंगे। 16 अगस्त को सीएम हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और इन्हें समर्थन देने वाली तमाम पार्टियों का पुतला दहन किया जाएगा।

