जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR-2026) के तहत दावा-आपत्ति के दौरान प्राप्त दस्तावेजों के सत्यापन के लिए जिला प्रशासन ने टीम का गठन किया है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में प्राप्त दावों और आपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारियों को दावा-आपत्ति के तहत प्राप्त दस्तावेजों के व्यवस्थित, निष्पक्ष और सावधानीपूर्वक सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कार्यालय स्तर पर गठित टीमों की जिम्मेदारियों और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा करें और मतदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
हर दावा और आपत्ति की निष्पक्ष जांच के निर्देश
बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि प्रत्येक दावा और आपत्ति की जांच पूरी संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ की जाए। मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल दस्तावेजी प्रक्रिया की कमी के कारण प्रभावित नहीं हो।
पदाधिकारियों को सत्यापन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और प्राप्त दस्तावेजों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आवश्यक अभिलेखों का उचित संधारण करने को कहा गया।
किसी दस्तावेज या दावे को लेकर शंका अथवा कठिनाई की स्थिति में संबंधित वरीय पदाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
22 और 23 अगस्त को विशेष शिविर
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने लोगों से निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सहभागी बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में पुलिस, अभियांत्रिकी, शिक्षा, नगर निकाय, प्रखंड और अंचल स्तर के पदाधिकारियों की भागीदारी रही।

