Jamshedpur. हावडा-मुंबई गीतांजलि और हावड़ा-पुणे आजाद हिन्द एक्सप्रेस अब घाटशिला रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। रेलवे बोर्ड से दोनों ट्रेनों को घाटशिला स्टेशन पर ठहराव की घोषणा हुई है। इससे जिले के ग्रामीण यात्रियों को मुंबई और पुणे की सुपरफास्ट ट्रेन को पकड़ने टाटानगर स्टेशन नहीं आना पड़ेगा। वहीं, हावड़ा की दूरी कम समय में तय कर सकते हैं। रेलवे बोर्ड के आदेश से सिर्फ घाटशिला नहीं मुसाबनी, जादूगोड़ा, नरवा, गालूडीह, डुमरिया समेत आसपास के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

वहीं शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस में 4 सितंबर तक दो अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने अधिक वेटिंग को देखते हुए ट्रेन में एक स्लीपर और एक थर्ड एसी कोच लगाने का आदेश दिया है, ताकि मुंबई मार्ग पर भीड़ के बावजूद यात्रियों को राहत मिले। वेटिंग के आधार पर रांची, संतरागाछी, राउरकेला और हावड़ा से चलने वाली अन्य चार ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाने के आदेश दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को सीट उपलब्ध हो सके।


