

Ranchi. डॉक्टरों की नियुक्ति,प्रमोशन और सेवा शर्तों को लेकर झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ (झासा) ने आंदोलन का ऐलान किया है. रविवार को हुई जनरल बॉडी मीटिंग में डॉक्टरों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद संघ ने कहा कि मांगों पर सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो 5 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा. इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना और 22 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार का फैसला भी लिया जा सकता है.
झासा के सचिव डॉ. मृत्युंजय ठाकुर ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से तीन मुद्दों पर चर्चा हुई. इनमें संविदा पर डॉक्टरों की नियुक्ति, डायनेमिक एसीपी और जेपीएससी के माध्यम से डॉक्टरों की नियमित नियुक्ति शामिल है. डॉ. मृत्युंजय ठाकुर ने कहा कि पिछले महीने संविदा के आधार पर डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए नामावली तैयार की गई है.
संघ इसका विरोध कर रहा है. झासा का कहना है कि राज्य में डॉक्टरों के खाली पदों को जेपीएससी के माध्यम से नियमित नियुक्ति से भरा जाना चाहिए.संघ के अनुसार लगातार संविदा पर डॉक्टरों क नियुक्ति स्थायी समाधान नहीं है. झासा चाहता है कि राज्य के योग्य एमबीबीएस और विशेषज्ञ डॉक्टरों को नियमित नियुक्ति का मौका मिले.

