जमशेदपुर। टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड एम्प्लाइज यूनियन की कमिटी मीटिंग आज बारा स्थित यूनियन कार्यालय में यूनियन अध्यक्ष श्री राकेश्वर पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन महामंत्री श्री त्रिदेव सिंह ने किया।

बैठक में कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, विशेषकर हाउसिंग, कैंटीन, क्वार्टर आवंटन एवं मेडिकल सुविधाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सदस्यों ने इन व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं एवं कर्मचारियों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से अध्यक्ष के समक्ष रखा। साथ ही इन मुद्दों के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष श्री राकेश्वर पाण्डेय ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी सुविधाओं से जुड़े विषय यूनियन की प्राथमिकता हैं। हाउसिंग, कैंटीन, क्वार्टर आवंटन और मेडिकल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सदस्यों द्वारा जो बातें रखी गई हैं, उन्हें गंभीरता से लिया गया है। यूनियन प्रबंधन के समक्ष इन विषयों को प्रभावी ढंग से उठाएगी और कर्मचारियों को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगी। हमारा उद्देश्य है कि कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित हो।
बैठक के अंत में यूनियन के वरिष्ठ सदस्य श्री दिनेश कुमार का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष श्री राकेश्वर पाण्डेय एवं अन्य सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
बैठक में सच्चिदानंद, प्रमोद उपाध्याय, राजेश कुमार, शशि भूषण मिश्रा, रंजन मिश्रा, एस. बी. राणा, अमन सिंह, दिनेश कुमार, सतीश मुखी, अनीश झा, सी. बी. सिंह, मनोज कुमार सिंह, कौशलेश कुमार, उपेंद्र राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

